Budaun News: तहेरी भाभी को फंसाने के लिए महिला ने अपना ही सिर फोड़ा
थाने में भी किया हंगामा, पुलिस ने किया शांतिभंग में चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव (बदायूं)। महिला ने अपनी तहेरी भाभी को फंसाने के लिए अपने ही सिर को फोड़ लिया और बाद में शोर मचाती हुई थाने पहुंच गई। कार्रवाई कराने के लिए थाने में जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। इस पर पुलिस ने महिला और दूसरी महिला का शांति भंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव सिगोई निवासी शारदा पुत्री तारकिशन की शादी चंदौसी में हुई है। उसकी पति से भी अनबन चल रही है और मामला अदालत तक पहुंच गया है। महिला कुछ समय से लुधियाना में अपनी इकलौती बेटी के साथ रह रही है। वह कुछ दिन पहले मायके आई थी। गांव में चर्चा है कि महिला अपने पिता की जमीन बिकवाना चाहती है। इसी बात को लेकर मायके वालों से भी उसकी कहासुनी हो गई थी।
सोमवार को तहेरे भाई दुर्वेश की पत्नी मिथलेश से भी कहासुनी हो गई। गांव वालों ने दोनो पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया लेकिन शारदा मिथलेश को धमकी देकर थाने चली आई और इसी दौरान उसने अपने सिर में ईंट मार ली। फिर खून से लथपथ सिर लेकर चीखती चिल्लाती हुई थाने पहुंची। उसे देखकर थाने में काफी भीड़ लग गई।
वह आरोप लगाने लगी कि उसकी भाभी ने सिर फोड़ा है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत बैठने को कहा तो वह आग बबूला हो गई और इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के सामने ही अपने ऊपर हमला करने लगी। उसकी हरकत देख महिला पुलिस कर्मी आ गई। इसी दौरान उसकी भाभी और उसके पिता थाने आ गए। उसके पिता अपनी बेटी शारदा के खिलाफ एफआईआर कराने की बात कहने लगे। पारिवारिक मामला देखकर पुलिस ने शारदा और मिथिलेश का शांति भंग में चालान कर दिया।



