Budaun News: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हत्या का आरोप
मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने कराया शव का पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा म्याऊं में शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में विमला (42) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने उसकी हत्या की आशंका जताई। उन्होंने कॉल करके पुलिस को भी बुला लिया। अभी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
म्याऊं निवासी विमला पत्नी विनय कुमार कामकाजी महिला थीं। उनके एक बेटा है, जो कुछ समय से बीमार चल रहा है, उसकी शादी भी हो चुकी है। बताते हैं कि शुक्रवार रात अचानक विमला की मौत हो गई। इससे परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए।
इस संबंध में परिवार वालों ने महिला के मायके वालों को सूचना नहीं दी। वह पड़ोसियों की सूचना पर म्याऊं पहुंचे। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बौरा निवासी उनके भाई दिनेशपाल सिंह ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को बुला लिया। दिनेश का कहना है कि उसका बहनोई शराब पीने का आदी हैं।
सुबह पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। बाद में फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह बीमारी आई है। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि महिला की मौत बीमारी से हुई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।



