Budaun News: फंदे से लटका मिला महिला का शव, हत्या का आरोप

मृतका के घर पर मौजूद लोग। संवाद
ससुराल वालों ने कहा-बांध के नजदीक गंगा नहाने गई थी, डांटने पर दे दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर चांदन में 20 वर्षीय विवाहिता पिंकी ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। वहीं ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता बांध के नजदीक नहाने गई थी। इसपर डांटने पर उसने आत्महत्या कर ली।
संभल जिले में रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव करकौरा निवासी पिंकी की शादी करीब डेढ़ साल पहले कुंवरपुर चांदन के राजवीर के साथ हुई थी। ससुराल वालों का कहना है कि शनिवार को पिंकी बांध के नजदीक गंगा में नहाने गई थी। ससुराल वालों ने उसे मना किया, फिर भी वह अकेले नहाने चली गई।
रविवार रात उसने खाना बनाया। खाना खाने के बाद परिवार वाले सो गए। पति राजवीर आंगन में सो गया जबकि पिंकी कमरे में चली गई। देर रात उसने साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह ससुराल वालों ने जब उसका शव फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई। ससुराल वालों ने दरवाजा तोड़कर उसका शव फंदे से उतारा।
सूचना पर मायके वाले और थाना पुलिस पहुंच गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया। इससे पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया। मौके पर फोरेंसिक टीम बुला ली गई। फोरेंसिक टीम ने मामले की छानबीन की। बाद में पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।