बदायूं

Budaun News: हादसे में युवक की मौत, 200 मीटर दूर मिला शव

Connect News 24

कादरचौक (बदायूं)। निजामाबाद रोड पर बीती रात बिचौला के पास हुए ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से टैंपो सवार युवक की मौत हो गई। उसका शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। क्षतिग्रस्त टैंपो की नंबर प्लेट भी काफी दूर फेंकी हुई मिली। जबकि, टैंपो का चालक घायल अवस्था में अपनी बुआ के घर पर मिला। पुलिस ने मामले को संदेहजनक मानते हुए ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

शनिवार आधी रात पुलिस को एक जेसीबी चालक से हादसे की सूचना मिली। जेसीबी चालक ने दो लोगों को अस्पताल में भर्ती किए जाने की बात कही लेकिन उसके बताए अस्पताल में कोई भी घायल नहीं मिला। दूसरी ओर घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त टैंपों में खून लगा था और उसकी नंबर प्लेट गायब थी। रातभर पुलिस दो शवों को ढूंढती रही लेकिन सुबह घटनास्थल से 200 मीटर दूर झाड़ियों में एक शव मिला जो गांव लभारी निवासी नेम सिंह (35) पुत्र दौलतराम का था। वह शनिवार रात गांव सिमरा निवासी अपने दोस्त हाकिम सिंह (36) पुत्र ख्याली राम के साथ उसके टेंपो से अपने भाई नेमपाल को लेने जा रहा था। दिल्ली में मजदूरी करने वाला नेमपाल शेखुपुर चौराहे पर उसका इंतजार कर रहा था। निजामाबाद-बिचौला के नजदीक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टेंपो में भिड़ंत हो गई। वहीं टैंपो चालक हाकिम पुलिस को शेखुपुरा गांव में उसकी बुआ के घर पर घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पूछताछ के लिए ट्रैक्टर और चेसीबी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कैसे पहुंचा नेमपाल का शव इतनी दूर

पुलिस को हादसे के बाद शव को ठिकाने लगाए जाने का शक है। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि यह सही है कि दोनों वाहनों में टक्कर हुई थी। युवक की लाश दूर कैसे मिली, नंबर प्लेट किसने खोली अभी इसका पता नहीं चला है। इसमें तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है।

टेंपो की नंबर प्लेट खोलकर दूर किसने फेंकी

इसमें एक और मामला सामने आया है। हादसे में क्षतिग्रस्त टेंपो की दोनों नंबर प्लेट खोलकर काफी दूर फेंक दी गई। जब सुबह पुलिस नेम सिंह के शव को तलाश कर रही थी। तभी दोनों नंबर प्लेट भी दूर पड़ी मिलीं। पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया है। नंबर प्लेट किसने और क्यों खोली अभी यह सवाल बना हुआ है।

घायल हाकिम बोला- ज्यादा पी ली थी शराब

– सुबह बुआ के घर में बैठे मिले टेंपो चालक हाकिम ने बताया कि शनिवार को उसने नेम सिंह के साथ कादरचौक में खूब शराब पी थी। नेम सिंह ने कुछ ज्यादा पी ली थी। वह नशे में ही टेंपो लेकर उसके भाई नेमपाल को लेने शेखूपुर जा रहे थे। हादसे के बाद वह नशे में उठकर वहां से चला गया। रास्ते में उसने अपनी पट्टी कराई।

पुलिस को गुमराह करते रहे चालक, भटकती रही पुलिस

– शनिवार रात सबसे पहले जेसीबी चालक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसने टेंपो सवार दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। वह जो जो अस्पताल बता रहा था। पुलिस दोनों लोगों को वहां तलाश कर रही थी। जब उनका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस ने सख्ती बरती। तब चालक बोला कि दोनों की मौत हो गई है। ट्रैक्टर चालक सुबह पकड़ा गया।

अवैध खनन में लिप्त थे ट्रैक्टर और जेसीबी चालक

– शनिवार रात जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टेंपो की टक्कर हुई, उसमें बालू भरी हुई थी। नजदीक में हीं एक जेसीबी चल रही थी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद जब चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग रहा था, तभी उसने जेसीबी चालक और अन्य साथियों को सूचना दी थी। जेसीबी चालक ने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी।

– कादरचौक में एक्सीडेंट हुआ था। उसमें एक युवक की मौत हुई है। बताया जा रहा था कि दूसरा व्यक्ति गायब है। अब वो भी मिल गया है। हालांकि परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आता है, उसके अनुसार कार्रवाई होगी। लाश गायब करने और नंबर प्लेट खोलने की जांच कराई जा रही है।- डॉ. ओपी सिंह, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button