रामपुर

आई फ्लू : जिला अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन बंद

Connect News 24

रामपुर। आई फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच जिला अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। डॉक्टरों के अनुसार इस समय आई फ्लू तेजी से फैल रहा है। ऐसे में मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने के बाद संक्रमण फैलने से आंखों की रोशनी जाने का खतरा है। इसलिए मोतियाबिंद के ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। बीते एक सप्ताह में 50 लोगों के ऑपरेशन टाल दिए गए।

दो सप्ताह से जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। नेत्र रोग विभाग में हर रोज 60 से 70 मरीज पहुंचकर आंखों का चेकअप करा रहे हैं। मरीजों को आंखों में दर्द, लालिमा, खुजली और पानी आने की शिकायत बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार इनमें से 70 फीसदी मरीज आई फ्लू यानी कंजक्टिवाइटिस की समस्या से पीड़ित हैं। यह संक्रमण एक दूसरे के संपर्क में आने से भी फैल रहा है।

वहीं संक्रमण की स्थिति को देखते आंखों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने से संक्रमण बढ़ सकता और आंखों की रोशनी जा सकती है। इसलिए मरीजों को यह सलाह दी जा रही कि वे आई फ्लू का प्रकोप कम होने के बाद ही ऑपरेशन कराएं।

प्रतिदिन होते हैं सात-आठ ऑपरेशन

जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में हर रोज औसतन सात-आठ मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन होते हैं। आई फ्लू फैलने के बाद ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। बीते सात दिनों से नेत्र रोग विभाग में मोतियाबिंद के 50 मरीजों के ऑपरेशन टाल दिए गए। डॉक्टरों आई फ्लू का असर कम होने पर ऑपरेशन करेंगे।

एक से दो सप्ताह में ठीक हो रहा आई फ्लू

आई फ्लू को ठीक होने में एक से दो सप्ताह का समय लग रहा है। डॉक्टर मरीजों की आंखों का चेकअप करने के बाद सिप्लॉक्स ड्र्रॉप आंखों में डालने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही मरीजों को कुछ दवाएं भी दी जा रही हैं। मरीजों को काला चश्मा लगाने को कहा जा रहा है।

आई फ्लू से बचाव

-आंखों व चेहरे को साफ करने के लिए टिशू पेपर या तौलिया इस्तेमाल करें।

-हाथों को बार-बार साबुन व पानी से साफ करें।

-आंखों को बार-बार हाथों से न छुएं।

-नियमित रूप से उपयोग किए चश्मे को साफ करें।

-पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का उपयोग करते रहें।


क्या बोले तीमारदार-

मेरी माता जी को माेतियाबिंद है। यहां पर काफी दिन पहले समय भी ले लिया था, लेकिन अब बताया जा रहा है कि ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। पता नहीं अब दोबारा कब ऑपरेशन शुरू होंगे। ऐसे में अब प्राइवेट अस्पताल में दिखाना पड़ेगा।

-अमित

अब्बू की आंख में मोतियाबिंद की शिकायत है। उनको बाहर ले जाने का खर्च नहीं था। जिला अस्पताल में सस्ता इलाज मिल जाता, इसलिए यहां लेकर आए थे। फिलहाल यहां ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं। अब पता नहीं कब ऑपरेशन शुरू होंगे।

-आरिश

आई फ्लू का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसके लिए मरीजों को बचाव की सलाह दी जा रही है। ऐसी स्थिति में मोतियाबिंद के ऑपरेशन से संक्रमण बढ़ सकता और आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है। इसी को देखते हुए फिलहाल मोतियाबिंद के ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं।

– डॉ. पंकज गोस्वामी, नेत्र सर्जन, जिला अस्पताल रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button