रामपुर

परियोजनाओं को समय-सीमा के भीतर करें पूरा: डीएम

Connect News 24

रामपुर। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और बजट के लिए मांग-पत्र भी समय से शासन को भेजा जाए। जिससे बजट की अनुपलब्धता की दशा में परियोजनाओं के निर्माण कार्य में अवरोध पैदा न हो। उन्होंने निर्माणाधीन पुल, महाविद्यालय, इंटर कॉलेज और आवासीय भवनों की स्थिति के बारे में समीक्षा की।

कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को निर्माण कार्यों की बैठक दौरान अधिकारियों एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के इंजीनियरों को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि लालपुर पुल के दोनों तरफ सड़क के किनारे तटबंध का बेहतर तरीके से निर्माण होना चाहिए। बैरिकेडिंग भी हो जाए ताकि वाहनों को आवागमन के दौरान कोई दिक्कत न हो और दुर्घटना से बचा जा सके। राजकीय महाविद्यालय मिलक के निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि वह अगले सप्ताह वरिष्ठ इंजीनियरों के साथ निर्माणाधीन महाविद्यालय का निरीक्षण करेंगे। सद्भावना मंडप का भी तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिशासी अभियंता को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं के निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है वे समय-समय पर अनिवार्य रूप से निरीक्षण करके निरीक्षण आख्या प्रेषित करें। नोडल अधिकारी और उनके साथ लगाए टेक्निकल अधिकारी कमियों को चिन्हित करके स्पष्ट रूप से आख्या दें। यदि किसी परियोजना के निर्माण कार्य में निरीक्षण के बावजूद भी कमी पाई जाती है तो संबंधित नोडल अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button