स्वतंत्र भारत में पहली बार गरीबों के आवास निर्माण में देखी गई क्रांति: आकाश
रामपुर। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी व्यक्तित्व की वजह से आज विश्व में भारत चमक रहा है। यही कारण है कि जो स्वतंत्र भारत में पहली बार गरीबों के पक्के आवासों के निर्माण में क्रांति देखी गई है।
विधायक बुधवार को मोहम्मद अली जौहर रोड स्थित एक होटल में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। केंद्र सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि 2004-2014 के बीच देश ने कमजोर नेतृत्व का दंश झेला। रिमोट कंट्रोल वाली सरकार कैसे चलती थी, ये किसी से छिपा नहीं है। कमरतोड़ महंगाई, कमजोर अर्थव्यवस्था और विकास दर में कमी की वजह से देश का आत्मविश्वास भी कमजोर हो गया था। वही देश है, वही तंत्र है और वही संसाधन हैं, लेकिन क्या किसी ने सोचा था कि जो छह दशक में नहीं हो पाया, वह नौ साल में कैसे हो गया। देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा किया और 2014 के बाद भारत तेज गति से तरक्की की राह पर चलने लगा। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार गरीबों के आवास निर्माण की क्रांति आई। गरीबों को उन्नति का भाव नजर आया।
किसानों के भारी भरकम ब्याज से मुक्ति दिलाने के लिए किसान सम्मान निधि योजना लागू की। अब किसान को बिना किसी बिचैलिए के सीधे खाते में हर तीन माह में दो हजार रूपये मिलते हैं। देश में 11.4 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। माइक्रो इरिगेशन, सूक्ष्म सिंचाई से करोड़ों किसानों की फसलों की पैदावार बढ़ी है। अब किसानों की मौसम पर निर्भरता कम हुई है।