स्ट्रीट वेंडर को सशक्त बनाने के लिए एक बेहतर कदम : घनश्याम
रामपुर।जनपद में तीन वर्ष पूरे होने पर स्वनिधि महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्टाल लगाकर स्ट्रीट वेंडरों को जानकारी दी गई। इसके साथ ही इससे संबंधित ऋण योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया और स्वीकृति की गई।
बृहस्पतिवार को जनपद स्तर पर नगर पालिका में स्ट्रीट वेंडरों के लिए स्टाल लगाए गए। इस दौरान रोजगार को बढ़ाने के लिए अधिकारियों ने आगामी योजना के बारे में जानकारी दी। यही नहीं बैंकों ने ऋण स्वीकृत करने को लेकर भी कार्रवाई की गई। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरो के लिए सरकार ने यह महत्वाकांक्षी योजना संचालित की है, जिसका उद्देश्य स्ट्रीट वेंडरों की आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है ताकि वह अपने रोजगार को आगे बढ़ा सके तथा बेहतर आय के साधन का सृजन करने के साथ परिवार की आजीविका का बेहतर संचालन भी कर सकें। दर्जा राज्यमंत्री सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि जो स्ट्रीट वेंडर अपने रोजगार को बढ़ाना चाहते हैं उनके लिए यह योजना बेहद कारगर है। वहीं शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि योजना के महत्व को ध्यान में रखते हुए रामपुर शहर में किला परिसर में पीएम स्वनिधि गलियारा बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रामपुर में ज्वालानगर मे 200 स्ट्रीट वेंडरों के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा पीएम स्वनिधि गलियारा बनाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग एवं बैंकों की मुख्य रूप से भूमिका रही। स्वनिधि से समृद्धि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाएं, प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को सम्मिलित किया गया है।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ साथ भारी संख्या में स्ट्रीट वेंडर मौजूद रहे।