ऐसे बढ़ाएं गन्ने की पैदावार: पीलीभीत के किसान शिवेंद्रनाथ और जसकरन ने अपनाई नई विधि, डेढ़ गुना बढ़ा उत्पादन

खेत में खड़ी गन्ने की फसल। संवाद
विस्तार
बरेली मंडल के कई किसानों ने गन्ने की खेती में नए प्रयोग कर सामान्य से अधिक पैदावार की है। इन्हीं में से एक शिवेंद्रनाथ चौबे ने खेती में रिंग पिट विधि तो दूसरे जसकरन सिंह बाजवा ने ट्रंच विधि अपनाकर उपज बढ़ाई है। साथ ही यूपी की प्रति हेक्टेयर औसत पैदावार के मुकाबले डेढ़ गुना से अधिक गन्ना पैदा किया है। यही नहीं परंपरागत विधियों को छोड़कर गन्ने के साथ चना और मटर की सहफसल भी पैदा की है।
इन प्रगतिशील किसानों के प्रयोग दूसरे किसानों के लिए भी आमदनी बढ़ाने का तरीका बन सकते हैं। उप गन्ना आयुक्त राजीव कुमार राय ने बताया कि तीन वर्ष से गन्ना विभाग प्रगतिशील किसानों को पुरस्कार और सम्मान दे रहा है। इसी क्रम में आयोजित संवाद में सम्मान हासिल करने वाले किसानों को ऑनलाइन जोड़ा जाएगा, ताकि वे एक-दूसरे की अपनी विधि बता सकें।
बरेली मंडल से 40 किसान इस संवाद में जुड़ेंगे। बाद में संवाद में आए सुझावों के साथ ही बेहतर उत्पादन विधियों को संकलित कर एक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अमर उजाला से बातचीत में जसकरन व शिवेंद्र ने अपनी विधि साझा की।

