Pilibhit News: मंदिर में सो रहे युवक पर धारदार हथियार से हमला

जिला अस्तपताल में भर्ती घायल अनिल गुप्ता । संवाद
जानकारी के बाद भी पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। बीसलपुर क्षेत्र के मोहल्ला साहू काशीनाथ बिहार के रहने वाले रमेश गुप्ता का पुत्र अनिल घर के बाहर बने मंदिर में फर्श पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसके चेहरे और सिर पर धारदार हथियार से कई प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साहू काशीनाथ मोहल्ले में एक शिव मंदिर है। इसके सामने ही मधवापुर के व्यापारी रमेश गुप्ता का घर है। उनका बड़ा बेटा अनिल गुप्ता अधिकतर मंदिर में रहता है। मंगलवार की शाम भी वह मंदिर में बने चबूतरे पर सो रहा था। शाम को कुछ अज्ञात लोग मंदिर में घुस आए और सोते समय अनिल पर धारदार हथियार से प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
रात में ही जब रमेश गुप्ता लघुशंका के लिए उठे तो उन्हें मंदिर की तरफ से अपने बेटे की करहाने की आवाज आई। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो बेटा खून से लथपथ पड़ा तड़प रहा था। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से उसे 108 एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि मामले की उनको जानकारी नहीं है।