Pilibhit News: निकाह का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप
– धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने का लगाया आरोप
– पिता और बहनोई पर भी दुष्कर्म का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। युवती ने प्रेमी पर निकाह का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने, बच्चे को जन्म देने के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और उसके बहनोई, पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपनी मां के साथ दूसरे प्रदेश में काम करने गई थी। वहां मिले युवक ने स्वयं को मुस्लिम बताकर मिलना-जुलना शुरू किया। निकाह का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया, इससे वह गर्भवती हो गई। जनवरी माह में छुट्टी पड़ने पर मां के साथ घर आ गई।
जनवरी में युवक उसे बहला-फुसला कर ले गया। युवक ने उसे बहनोई के घर रखा। तब उसे जानकारी हुई कि उससे शादी करने वाला मुस्लिम नहीं दूसरे धर्म का है। आरोपी ने उसे घर जाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि युवक के अलावा उसके बहनोई और पिता ने कई बार दुष्कर्म किया। धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। उसने 12 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया।
पांच जून को किसी तरह जान बचाकर अपनी मां के पास आ गई। युवती ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि युवती अपने प्रेमी के साथ गई थी। जनवरी माह में युवती की मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई। युवती को बरामद कर उसके बयान कराए गए। तब युवती ने युवक के पक्ष में बयान दिए। इस पर युवती को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया। अब शिकायत पर उच्च अफसरों से जानकारी के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।