Pilibhit News: जिले को 2992 क्विंटल गन्ना बीज का आवंटन

ग्राम अजीतपुर पटपरा पौधशाला का बीज प्रमाणित करते जिला गन्ना अधिकारी । स्त्रोत – गन्ना विभाग
पीलीभीत। जिले के गन्ना किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए 2992 क्विंटल गन्ना बीज का आवंटन मुख्यालय से किया गया है। यह बीज उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद शाहजहांपुर, गन्ना शोध केंद्र सिरसा बरेली, चीनी मिल प्रक्षेत्र पीलीभीत एवं चीनी मिल प्रक्षेत्र पुवायां से मिलेगा।
आवंटित बीज से जिले के प्रगतिशील गन्ना किसानों के खेतों पर शरदकालीन आधार पौधशाला की स्थापना की जाएगी। शरदकालीन पौधशाला स्थापन के इच्छुक किसान अपने सर्किल के गन्ना पर्वेक्षक अथवा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं। जिला गन्नाधिकारी खुशीराम भार्गव ने बताया आधार पौधशालाओं से बीज वितरण पर 50 रुपये प्रति क्विंटल पर अनुदान भी दिया जाता है।
किसानों को अगेती गन्ना किस्मों मे कोशा 013235, को. लख.14201, को.0118, कोशा.13232 एवं मध्य देर से पकने वाली किस्मों में को.शा.09232, को.शा.014233, को. से.13452 का बीज मिलेगा। किसानों को प्रत्येक 3 वर्ष में बीज बदलाव कर देना चाहिए। लगातार एक ही किस्म की बुवाई करने से उससे कीट – व्याधि की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने बताया गन्ना किसानों को नवीनतम विकसित गन्ना किस्मों का बीज उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद, चीनी मिल फार्म से 600 रुपये प्रति क्विंटल पंजीकृत बीज उत्पादक किसान द्वारा उत्पादित प्रमाणित बीज मिलेगा।

