Pilibhit News: गांव कढेरचौरा में बुखार से एक और महिला की मौत
पूरनपुर। गांव कढेरचौरा निवासी छेदालाल की पत्नी सोमवती (40) की बुखार से मौत हो गई। सोमवती को एक दिन पहले बुखार आया था। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए पीलीभीत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को सोमवती ने दम तोड़ दिया। गांव मेंं इससे पहले अन्य दो महिलाओं की बुखार से मौत हो चुकी है।
गांव में बुखार फैलने की जानकारी शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर प्रधान पति ने एसडीएम और सीएमओ को दी थी। सीएमओ के निर्देश पर शनिवार को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच मेंं गांव के 18 डेंगू बुखार पीड़ित मिले थे। टीम ने स्वास्थ्य शिविर में आए मरीजों को दवाई बांटी थी।
प्रधानपति लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने बताया कि अब भी करीब हर घर में बुखार से लोग जूझ रहे हैं। गांव निवासी छेदालाल की पत्नी सोमवती को एक दिन पहले बुखार आया था। हालत खराब होने पर उसे पीलीभीत शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
प्रधानपति ने पूरे मामले की जानकारी मोबाइल पर सीएमओ डॉ. आलोक कुमार को देकर गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाने की मांग की। इस गांव में पूर्व में भी बुखार से दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनिकेत गंगवार ने बताया कि गांव कढेरचौरा में बुखार से महिला की मौत की जानकारी नहीं है। गांव में दो बार कैंप लगवाया जा चुका है।