Pilibhit News: मणिपुर हिंसा के विरोध में भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन

कलेक्टूेट में ज्ञापन देने पंहुचे भीम आर्मी के कार्यकर्ता । संवाद
पीलीभीत। मणिपुर में हिंसा और महिलाओं पर बर्बरता के विरोध में भीम आर्मी ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसमें मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की गई है।
राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि मणिपुर से चार मई को जो वीडियो सामने आए, उनसे पूरा देश शर्मसार है। ये वीडियो दिल दहलाने वाले थे। मणिपुर में हिंसा को राज्य सरकार ने बढ़ावा दिया है। जातीय हिंसा को लगभग तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक सरकार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है।
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने आदिवासी महिलाओं के साथ दरिंदगी, दुष्कर्म और उनकी हत्या के मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा लेने और दोषियों को फांसी देने की मांग की। इस दौरान भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अंकित आंंबेडकर, भीम आर्मी भारत मिशन के जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय, हरिओम, सतेंद्र कुमार, गुरदीप सिंह, रंजीत कुमार, अवधेश, विकास कुमार, राहुल कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।