Pilibhit News: ब्रह्मचारी घाट का होगा सुंदरीकरण

ब्रहमचारी घाट पर सर्वे करते दल के सदस्य । स्रोत – नगर पालिका परिषद
शासन से आई दो सदस्यीय टीम ने मौके पर जाकर किया सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। ऐतिहासिक प्राचीन मनोकामेश्वर मंदिर परिसर में स्थित ब्रह्मचारी घाट का सुंदरीकरण जल्द ही शुरू किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मंगलवार को यहां दो सदस्यीय टीम ने पहुंचकर घाट का सर्वे किया। सर्वे के बाद घाट पर पिचिंग, मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब, स्थायी पुल, मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सड़क का निर्माण होगा।
आयुर्वेदिक कॉलेज के पास से निकली देवहा नदी के पास प्राचीन मनोकामेश्वर मंदिर हैं। गंगा स्नान पर यहां हर साल मेला लगता है। इसके अलावा यहां त्योहारों पर भी आयोजन होते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते है।
मेले के दौरान यहां पर अस्थायी पुल बनाया जाता है, लेकिन अब यहां स्थायी पुल बनाया जाएगा। साथ ही मूर्ति विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब बनाया जाएगा। सुंदरीकरण के संबंध में सर्वे के लिए लेकर शासन से एक टीम मंगलवार को यहां पहुंची।
टीम ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न जानकारियां जुटाईं। बता दें कि शासन की वंदन योजना के तहत शहर से बहृमचारी घाट का प्रस्ताव भी दिया गया था। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बताया कि घाट का सुंदरीकरण होने के बाद लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी।



