Pilibhit News: बेसिक स्कूलों के स्टोर व अलमारियों की शोभा बढ़ा रहे फायर सिलिंडर

बीएसए कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्कूल में अलमारी में रखे फायर सिलेड़र । संवाद
पीलीभीत। जनपद के अधिकतर बेसिक स्कूलों में फायर सिलिंडर तो हैं लेकिन रीफिल कराने के लिए पैसा नहीं है। यही वजह है कि इन स्कूलों में फायर सिलिंडर कहीं स्टोर तो कहीं अलमारी में बंद पड़े हैं। यह लापरवाही कभी भी भारी पड़ सकती है, बावजूद इसके जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जनपद में 1503 प्राइमरी, जूनियर व कंपोजिट विद्यालय हैं। शासनादेश है कि प्रत्येक विद्यालय में फायर सिलिंडर लगाए जाएं, ताकि अगर आग की घटना होती है तो समय रहते कंट्रोल किया जा सके। स्कूलों में फायर सिलिंडर तो हैं लेकिन अधिकांश कालातीत (एक्सपायर) हो चुके हैं, उन्हें दोबारा भरे जाने (रिफिलिंग) की आवश्यकता है।
अमर उजाला की पड़ताल में कई स्कूलों की पोल खुली। पड़ताल में पता चला कि कई सिलिंडर एक साल पहले ही कालातीत हो चुके हैं, बावजूद इसके उन्होंने दोबारा भरवाने की जरूरत नहीं समझी गई। स्कूल प्रशासन का कहना है कि उनके पास बजट नहीं है। बजट मिलते ही रीफिल करा दिए जाएंगे।
यह लापरवाही भरा जवाब तब है जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि अग्निशमन यंत्रों को हमेशा दुरुस्त रखा जाए। गौहनिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय में फायर सिलिंडर भी एक्सपायर मिला। प्रधानाचार्य मोहम्मद जमशेद ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय का बजट नहीं है। यही हाल चिडैयादाह के प्राथमिक विद्यालय में भी देखने को मिला। यहां पर दो फायर सिलिंडर मिले, जो एक साल पहले ही एक्सपायर हो चुके थे।
प्रधानाचार्य अरुन लता ने भी बजट का अभाव बताया। बीएसए कार्यालय परिसर में स्थित प्राथमिक स्कूल के फायर सिलिंडर एक अलमारी में बंद मिले। इसके अलावा अमरिया, जहानाबाद, न्यूरिया, मझोला, बीसलपुर, कलीनगर आदि क्षेत्र के कई स्कूलों में फायर सिलिंडर भी एक्सपायर मिले। वहीं सुनगढ़ी और गौहनियां गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में फायर सिलिंडर सही स्थिति में पाए गए।
फायर सिलिंडर की रिफिलिंग को लेकर पूर्व में ही निर्देश दिए जा चुके हैं। अगर फिर भी किसी ने रीफिल नहीं कराएं हैं तो वे कराएं। बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ सहन नहीं होगा।
– अमित कुमार सिंह, बीएसए

बीएसए कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्कूल में अलमारी में रखे फायर सिलेड़र । संवाद

बीएसए कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्कूल में अलमारी में रखे फायर सिलेड़र । संवाद

बीएसए कार्यालय परिसर स्थित प्राथमिक स्कूल में अलमारी में रखे फायर सिलेड़र । संवाद



