Pilibhit News: टाइगर रिजर्व प्रशासन से एनओसी न मिलने से अटका है धनाराघाट पर पुल निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 14 Jul 2023 12:08 AM IST
पीलीभीत। पूरनपुर क्षेत्र में शारदा नदी के धनाराघाट पर पुल निर्माण के लिए अब राष्ट्रीय लोकदल के राज्यसभा सदस्य जयंत चौधरी ने पैरवी शुरू की है। उन्होंने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिर्वतन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र भेजकर पुल निर्माण के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन से एनओसी दिलाने को कहा है।
जयंत चौधरी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को भेजे पत्र में कहा है कि शारदा नदी के धनाराघाट पर प्रस्तावित पुल का निर्माण पर्यावरण एवं वन मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र न मिल पाने की वजह से नहीं हो पा रहा है। पुल न होने से बरसात के दिनों में ट्रांस शारदा क्षेत्र के हजारों लोगों का जनपद व तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है।
लोगों को तहसील या जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर होकर जाना पड़ता है। इससे धन और समय दोनों की बर्बादी होती है। रालोद के प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह ने बताया उनके स्तर से भी जयंत चौधरी को इस बाबत पत्र भेजा गया था। इसमें ट्रांस शारदा क्षेत्र की तमाम समस्याओं को रखा गया था।