Pilibhit News: शोध प्रक्रिया के बारे में बच्चों ने जाना

भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान पर भ्रमण के दौरान छात्र छात्राएं और शिक्षक व अन्य। स्रोत
पीलीभीत। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के 100 मेधावी विद्यार्थियों ने बरेली के भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) का भ्रमण किया, साथ ही विभिन्न शोधों की प्रक्रिया के बारे में जाना।
ड्रमंड कॉलेज परिसर में सुबह डीआईओएस गिरजेश कुमार चौधरी, प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दो बसों को बरेली के लिए रवाना किया। आईवीआरआई में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक शोध प्रयोगशाला के बारे में विस्तार से जाना। छात्रों ने संग्रहालय, हिरण पार्क और बाइ शेप बिल्डिंग का भ्रमण का आनंद उठाया।
संस्थान की संयुक्त निदेशक डॉ. रूपसी तिवारी ने शोध कार्यों, विभिन्न पाठयक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसीटीओ वीर सिंह ने शोध प्रयोगशाला में शोध की जानकारी दी ताकि बच्चों में बाल मन में वैज्ञानिक शोध की भावना प्रबल हो और वह भी शोध कार्य करने के लिए प्रेरित हों।
इसके बाद बच्चों के बीच एक प्रतियोगिता कराई गई। इसमें वीरांगना अवंती बाई इंटर कॉलेज की छात्रा सिभांशी प्रथम, तान्या वर्मा द्वितीय व पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज रामनगर जगत बरखेड़ा की छात्रा मानसी देवी तृतीय रहीं। वहीं ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के छात्र आदर्श ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। भ्रमण के दौरान शिक्षक सर्वेश गंगवार, शिवम मिश्रा, शालिनी श्रीवास्तव, कामिनी राणा, सुमन राठौर, शशि कुमारी, दीक्षा बाजपेई, संजय मिश्र, इफ्तिखार अली खां, कुलदीप गंगवार, जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक चंद्रपाल गंगवार मौजूद रहे।