Pilibhit News: आधी रात को बरखेड़ा सीएचसी पहुंचे सीएमओ, किया निरीक्षण

बरखेड़ा सीएचसी पर भर्ती मरीज से बात करते सीएमओ डॉक्टर आलोक कुमार। संवाद
सारा स्टाफ था मौजूद, मरीज बोले-सभी सुविधाएं मिल रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मुख्य चिकित्सा अधिकारी आलोक कुमार शनिवार को रात 12 बजे एकाएक सीएचसी बरखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों का हाल जाना, स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी देखी। इस दौरान डॉक्टर, फार्मेसिस्ट, वार्ड ब्वॉय, स्वीपर यहां तक कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश कुमार गंगवार तक मौजूद मिले। मरीजों ने भी बताया कि सारी सुविधाएं मिल रहीं हैं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ जननी सुरक्षा योजना के लिए बनाए गए विशेष वार्ड में पहुंचे, जहां पर भर्ती महिलाओं से बात की। बकौल सीएमओ अस्पताल में मौजूद महिलाओं से सुविधाओं के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई शिकायत नहीं की, बल्कि बेहतर सुविधाएं मिलने का दावा किया। इसके बाद सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ लोकेश कुमार गंगवार से बातचीत की। मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिले, इस बारे में कहा।
सीएमओ ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार अस्पताल में मरीजों से कर्मचारी उचित व्यवहार करें, इसके निर्देश दिए गए। यदि कोई भी कर्मचारी निर्देशों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ के आधी रात में निरीक्षण के दौरान बरखेड़ा सीएचसी पर पूरा स्टाफ मिलने की पूरे स्वास्थ्य महकमे में चर्चा है।



