पीलीभीत

Pilibhit News: 31 दिसंबर तक पूरा करा लें सभी विषयों के पाठ्यक्रम

Connect News 24

पीलीभीत। बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। छात्र-छात्राओं के लिए बहुत कम समय बचा है। ऐसे में डीआईओएस ने जनपद के सभी कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वह 31 दिसंबर तक छात्र-छात्राओं के सभी विषयों का पाठ्यक्रम पूरा करा लें, ताकि बच्चों की परीक्षा अच्छी हो। अगर किसी कॉलेज का पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है तो वह रिवीजन शुरू करा दे।

जनपद में 75 केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा होनी है, जिसकी सूची शासन से तय की गई है। यूपी बोर्ड का पहला पेपर 22 फरवरी को होना है। परीक्षा के लिए समय बहुत ही कम बचा है। इस बीच प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी कराई जानी हैं, जिसको लेकर बोर्ड से दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। जनपद के कुछ कॉलेजों का पाठ्यक्रम अभी पूरा नहीं हो सका है, जिसको लेकर विभाग की ओर से निर्देश जारी किए जा चुके हैं। विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि विद्यार्थी नियमित स्कूल पहुंचें और अपने विषय पर ध्यान दें। अगर कुछ असमंजस है तो अपने शिक्षक से समाधान कर लें, ताकि कोई समस्या न हो।

स्कूल में कमजोर विषयों में विद्यार्थियों का चयन कर उनकी तैयारी के लिए अलग से कक्षाएं शुरू कराएं, ताकि परीक्षा के दौरान विद्यार्थी को कोई परेशानी न हो। डीआईओएस गिरजेश कुमार चौधरी ने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। कक्षा 12 की प्री बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं पांच से 12 जनवरी के बीच होनी है। वहीं कक्षा 10 व 12 की प्री बोर्ड लिखित परीक्षा 13 से 22 जनवरी के बीच होनी हैं, इसको लेकर प्रधानाचार्य को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button