Pilibhit News: हरदोई ब्रांच नहर में पानी बढ़ने से रोक दिया पुल का निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 14 Jul 2023 12:04 AM IST

पूरनपुर-पीलीभीत मार्ग पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास सड़क बनाने को डाली जा रही मिट्टी । संवाद
पीलीभीत। पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पर पुल का निर्माण नहर में पानी बढ़ने से रोक दिया गया है। फिलहाल पुल के दोनोंं ओर सड़क बनाने के लिए मिट्टी डाली जा रही है।
असम चौराहे पर फ्लाईओवर के साथ ही पीलीभीत-पूरनपुर असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पर पुल का निर्माण हो रहा है। पुल का निर्माण नहर में अत्यधिक पानी होने के कारण फिलहाल रोक दिया गया है। अब नहर में पानी कम होने पर ही निर्माण कार्य कराया जाएगा। इधर, पुल के दोनों और सड़क निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ने मिट्टी डलवानी शुरू कर दी है। पुल के आगे मेन हाईवे के पास ही मिट्टी डालकर सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुल के ठीक सामने बनने वाली इस सड़क से पुल के पास सड़क की गोलाई काफी कम हो जाएगी। इससे हादसों पर भी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यदायी संस्था के मैनेजर सुमन ने बताया फिलहाल सड़क निर्माण का काम शुरू करा दिया गया है। अभी मिट्टी का कार्य कराया जा रहा है।