पीलीभीत

Pilibhit News: खारजा नहर में डूबे छात्र का शव मिला

Connect News 24

Dead body of drowned student found in Kharja canal

रूपेंद्र का फाइल फोटो

पूरनपुर के कायस्थान मोहल्ले का रहने वाला था रूपेंद्र

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। साइफन के निकट रविवार को खारजा नहर में डूबे किशोर का शव 23 घंटे बाद गोताखोरों ने निकाल लिया। शव देखकर परिवार वालों में कोहराम मच गया।

पूरनपुर के मोहल्ला कायस्थान निवासी अनिल कुमार सिंह का सबसे छोटा पुत्र रूपेंद्र (15) नगर के ही अपने दोस्त नितिन और एक अन्य के साथ रविवार को बाइक से घूमने के लिए बाइफरकेशन गया था। दोपहर करीब 12:30 बजे तीनों दोस्त बाइफरकेशन में घूमे, इसके बाद करीब एक बजे हल्दीडेंगा क्षेत्र में स्थित साइफन इलाके में पहुंचे।

वहां पहले से ही कुछ लोग नहा रहे थे। रूपेंद्र और नितिन भी खारजा नहर में नहाने के लिए उतर गए। पानी में जाते ही दोनों डूबने लगे। शोर मचाने पर वहां मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने प्रयास कर नितिन को बचा लिया, लेकिन गहरे पानी में जाने से रूपेंद्र का कोई पता नहीं लग सका। घटना के बाद घबराए दोनों दोस्त मौके से भाग गए।

क्षेत्रीय लोगों की जानकारी के बाद थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई। रविवार देर शाम तक खोजबीन के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं लगा । इधर, दोस्तों ने रूपेंद्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार को पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में गोताखोरों ने तलाशी अभियान शुरू किया।

बाद में सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे पुल से दो सौ मीटर दूर किशोर का शव मिल गया। गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया, और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दो पुत्र और दो पुत्रियों में रूपेंद्र सबसे छोटा था। इस वर्ष उसने हाईस्कूल में दाखिला लिया था।

एसओ अचल कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजन इन्कार कर रहे थे, लेकिन बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button