Pilibhit News: समय पर भुगतान नहीं, इसलिए उठ रही गन्ना क्रय केंद्रों हटाने की मांग
बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल के तीन गन्ना क्रय केंद्र हटाए जाने की मांग से चीनी मिल के अधिकारी बेचैन हैं। उनका मानना है कि तीन केंद्र हट जाएंगे तो चीनी मिल के पास सिर्फ चार केंद्र ही रह जाएंगे। वहीं किसानों का कहना है कि सहकारी चीनी मिल समय पर भुगतान नहीं करती है।
मंडी समिति में 14 अगस्त को हुई सरकारी गन्ना विकास समिति की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक में क्षेत्रीय गन्ना किसानों ने चुर्रासकतपुर, नगीपुर अकोला और बेनीपुर गन्ना केंद्रों को किसान सहकारी चीनी मिल से हटवाकर डालमिया शुगर मिल निगोही से जोड़ने की मांग की थी। उनका कहना था कि किसान सहकारी चीनी मिल किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान काफी देर से देती है, जबकि डालमिया चीनी मिल समय पर भुगतान देती है।
हालांकि बैठक में इन क्रय केंद्रों को किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर से हटवाकर डालमिया चीनी मिल में जोड़े जाने का प्रस्ताव पास नहीं हुआ। लेकिन चीनी मिल के अधिकारी असमंजस में हैं। उनका मानना है कि उनकी मिल के पास सिर्फ सात गन्ना क्रय केंद्र हैं। यदि तीन गन्ना क्रय केंद्र चले गए तो सिर्फ चार क्रय केंद्र रह जाएंगे।
मिल के गन्ना अनुभाग के अधिकारियों ने संबंधित गांव के किसानों को विश्वास में लेने का प्रयास करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इन गांवों के किसानों को मना लिया जाएगा।
किसान सहकारी चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने बताया कि नए गन्ना सत्र में किसानों को मानक के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गन्ने का भुगतान भी सही समय पर देने का पूरा प्रयास किया जाएगा।