Pilibhit News: लकी ड्रॉ के नाम पर जमा कराई रकम फिर बंद कर दी स्कीम
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 17 Sep 2023 12:10 AM IST
कलीनगर। लकी ड्रॉ की स्कीम चलाकर लोगों से चार साल तक रुपये जमा कराए गए। इसके बाद स्कीम बंद कर दी गई। लंबे इंतजार के बाद जब लोगों ने रुपये मांगने शुरू किए तो टालमटोल की जाने लगी। एक माह पूर्व थाना दिवस में शिकायत के बाद पुलिस ने जांचकर पूर्व प्रधान समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
माधोटांडा कस्बे के रहने वाले नाजिम ने थाना दिवस में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव खीरी नौबरामद के पूर्व प्रधान पप्पू सिंह और जीत सिंह ने वर्ष 2020 में लकी ड्रॉ की स्कीम शुरू की थी। इसमें उसने भी 16 माह तक 10 हजार रुपये महीने जमा किए थे। चार साल बाद 2022 में स्कीम बंद कर दी गई।
नाजिम ने कुछ समय बाद रुपये मांगें तो टाल दिया गया। दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि करीब 20 लोगों की रकम फंसी है। एसओ अचल कुमार ने बताया कि जांच के बाद पूर्व प्रधान पप्पू सिंह और उसके साथी जीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।