Pilibhit News: उद्गमस्थल पर ठहर भी सकेंगे श्रद्धालु


गोमती उद्धगम स्थल पर निर्माणाधीन हाल । संवाद
कलीनगर। गोमती उद्गमस्थल पर जल्द ही श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो जाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से 2.52 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे बहुउद्देशीय हाल का भवन बनकर तैयार हो गया है। फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है।
गोमती नदी के उद्गमस्थल को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। शासन स्तर से भी इसमें रुचि ली जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व में क्षेत्रीय लोगों की मांग के बाद पर्यटन विभाग की ओर से बहुउद्देशीय हाल का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से पैरवी कराई थी। शासन ने 2.52 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। एक करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर काम शुरू कराया गया था। बहुउद्देशीय हाल का निर्माण यूपीपीसीएल संस्था करा रही है।
गोमती भक्त निर्भय सिंह और रामूर्ति सिंह का कहना है कि हाल बनने से उद्गमस्थल आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आमजन का उद्गमस्थल के प्रति रुझान अधिक बढ़ेगा। हाल में श्रद्धालुओं के ठहरने की भी व्यवस्था होगी।
ये होनी हैं बहुउद्देशीय हाल में व्यवस्थाएं
बहुउद्देशीय हाल के निर्माण के लिए शासन ने 2.52 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके तहत 200 वर्ग मीटर जगह में चार वीआईपी सूट तैयार किए जा रहे हैं। तीन अतिरिक्त कमरों की भी व्यवस्था की जाएगी। हाल में लॉन और इंटरलॉकिंग भी लगाई जाएगी।
हाल का निर्माण कार्य जारी है। फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। जल्द ही श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलने लगेगा। – आशुतोष गुप्ता, एसडीएम, कलीनगर