Pilibhit News: चंदिया हजारा और राहुलनगर को बचाने के लिए डीएम ने की शासन से पैरवी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Tue, 01 Aug 2023 12:01 AM IST
पीलीभीत। शारदा नदी के दाएं किनारे बसे गांव चंदिया हजारा, खिरकिया बरगदिया, राहुलनगर, मजदूर बस्ती एवं कॉलोनी नं. 06 को हर साल बाढ़ से गंभीर खतरा रहता है। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने प्रमुख सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन को पत्र भेजकर इन गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए वन विभाग से बाढ़ नियंत्रण परियोजना के लिए एनओसी दिलाने का आग्रह किया गया।
पत्र में कहा गया है कि इस वर्ष शारदा नदी में पानी अत्यधिक हो जाने के कारण नदी बड़ा वक्राकार लूप बनाकर चंदिया हजारा के सामने कटान कर रही है। इससे गांव को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। सिंचाई विभाग के अंतर्गत राहुलनगर व चंदिया हजारा गांव की सुरक्षा के लिए नाला निर्माण की परियोजना वर्ष 2017 से लंबित है। इसके लिए वन विभाग की ओर से एनओसी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने समस्या को लेकर एनओसी दिलाने का आग्रह किया है।



