Pilibhit News: डरें नहीं, पुलिस हर कदम पर आपके साथ

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद
पीलीभीत। डरें नहीं, पुलिस हर कदम पर आपके साथ है। छात्र हो या छात्राएं उन्हें लगता है कि कोई उन्हें परेशान कर रहा है तो पुलिस के पास जाकर शिकायत करें। तत्काल कार्रवाई होगी। ये बातें पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्र-छात्राओं से कहीं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए।
जेएमबी डिग्री कॉलेज में शुक्रवार दोपहर को एसपी अतुल शर्मा ने युवाओं से शराब पीकर गाड़ी न चलाने (ड्रंक ड्राइविंग) को कहा। बताया कि युवाओं की जरा सी लापरवाही से घर बर्बाद हो रहे हैं। माता-पिता पर क्या गुजरती है, इसका एहसास बच्चों को होना चाहिए। इसके अलावा वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। सड़क हादसों में अधिकांश मौतें सिर में चोट लगने से होती हैं। हेलमेट लगाकर इससे बचा जा सकता है।
छात्राओं से एसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने मिशन शक्ति शुरू किया है। महिलाओं को खुद को असुरक्षित नहीं समझना चाहिए। जहां भी उन्हें जरूरत हो तत्काल पुलिस की मदद लें। डायल 112 व 1090 पर फोन करने पर पुलिस तत्काल हाजिर होगी। बताया कि पीआरबी पर रात में महिला को तैनात किया गया है। अगर कहीं रात में गुजरते समय महिला खुद को असुरक्षित समझती है तो पुलिस के उक्त नंबरों पर फोन करे। पीआरबी महिला को घर तक छोड़कर आएगी।
उन्होंने मोबाइल पर होने वाली धोखाधड़ी पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी को भी ओटीपी न दें। मुफ्त के लालच में फंसकर लोग अक्सर ओटीपी, खाता नंबर, आधार नंबर आदि बता देते हैं। इसके बाद साइबर ठग 50-100 रुपये आपके खाते में डालता है, फिर आपके खाते के सारे रुपये निकाल लेता है। इसलिए सावधानी बरतें। संचालन प्राचार्य नरेंद्र मोहन सक्सेना ने किया। इस दौरान जेएमबी डिग्री कॉलेज के प्रबंध निदेशक अंचल गुप्ता, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय गुप्ता व कई शिक्षक आदि मौजूद रहे।
छात्र-छात्राओं ने पूछे सवाल
– सवाल : कई बार सोशल साइट पर छात्राओं को परेशान किया जाता है। ऐसे में कैसे बचा जा सकता है।- अलीशा
जवाब : सोशल साइट पर होने वाली घटनाओं के लिए प्रत्येक थाने पर साइबर हेल्प डेस्क को बनाया गया। पुलिस की इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स आदि साइट पर जाकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसको गोपनीय रखा जाता है।
– सवाल : रात मेंं घर जाते समय कई बार डर लगने लगता है। क्या करें। – प्रिया गंगवार
जवाब : कभी भी अपने आपको असुरक्षित महसूस करने पर आप डायल 112 या 1090 पर कॉल कर सकते हैं। महिलाओं के लिए स्पेशल पीआरबी बनाई गई है, जिसमें रात में महिलाएं तैनात रहती हैं। पांच से 10 मिनट में पीआरबी पहुंचेगी और आपको घर तक छोड़कर आएगी।
सवाल : फर्जी पुलिस की कैसे जानकारी करें। – मुस्कान
जवाब- कभी भी आपको ऐसा प्रतीत हो तो आप फौरन ही घर आए पुलिस कर्मी से उसका परिचय पत्र दिखाने को कहें। अगर वह नहीं दिखाता है तो संबंधित थाने में फोन करके पता करें कि क्या आपके खिलाफ कोई मामला तो दर्ज नहीं। साथ ही पुलिस के आने की सूचना दें।
सवाल- कोई मुझे मोबाइल पर फोन कर परेशान कर रहा है, डर के कारण शिकायत नहीं की। – दीक्षा
जवाब- आपने सबसे बड़ी गलती यह की कि पुलिस से शिकायत नहीं की। आसान तरीका यह है कि जिस नंबर से फोन आ रहा है उसे तत्काल ब्लॉक कर दें। इसके साथ ही पुलिस को एक शिकायती पत्र दें, जिससे कि ऐसे लोगों को पकड़ा जा सके।

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद

जेएमबी इंस्टीटयूट में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं । संवाद