Pilibhit News: वेतन न मिलने पर कर्मचारियों ने दो घंटे किया कार्य बहिष्कार
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 28 Jul 2023 12:54 AM IST
पीलीभीत। अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समिति के कर्मचारियों का पिछले तीन माह से वेतन न मिल पाने के कारण कर्मचारियाें ने अस्पताल परिसर में सांकेतिक रूप से धरना देकर दो घंटे कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। इससे वहां पहुंचने वाले मरीजों को काफी समस्याएं आईं।
अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समिति की ओर से पूर्व में नियोजित कार्यक्रम में असहयोग आंदोलन के बारे में सूचना देने के बाद भी कर्मचारियों का वेतन नहीं दिया जा सका। तीन माह के वेतन न मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल परिसर में दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। इससे वहां पहुंचने वाले मरीजों को काफी समस्याएं आई।
इसके साथ ही कई मरीजों को समय अधिक हो जाने के कारण बिना दवा लिए वापस होना पड़ा। इसके बाद भी अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अगर दो अगस्त तक उनको वेतन नहीं मिला तो कर्मचारी संपूर्ण असहयोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर अध्यक्ष अंजू सिंह, मंत्री कमलेश सिंह,सरंक्षक डॉ अश्वनी कुमार व राधेश्याम गंगवार आदि कर्मचारी मौजूद रहे।