Rampur: शादी के लिए दूसरे संप्रदाय के प्रेमी के घर पहुंची युवती, एसडीएम के सामने हुए पेश, तहसील में हुआ हंगामा

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रामपुर के थाना अजीमनगर क्षेत्र की एक मुस्लिम युवती प्रेम प्रसंग के चलते धर्म की सीमाएं लांघ कर हिंदू युवक के घर पहुंच गई। युवक से शादी की जिद पर अड़ी युवती को आसपास के लोगों ने काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद युवक के परिजन उसे मिलकखानम थाने लेकर पहुंचे।
पुलिस युवक-युवती को लेकर एसडीएम कोर्ट पहुंची, जहां युवती की आयु प्रमाणित करने के लिए दस्तावेज की मांग करते हुए घर भेज दिया गया। वहीं तहसील में पहुंचा युवती का भाई अपनी बहन से बात करना चाहता था। पुलिस ने उसे मिलने से रोक दिया। इसके चलते तहसील परिसर में हंगामा हुआ।
थाना मिलकखानम क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक थाना अजीमनगर क्षेत्र के एक गांव में झोलाछाप के यहां कंपाउंडरी करता था। यहीं उसका गांव निवासी दूसरे संप्रदाय की युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। दोनों की मोबाइल पर बातचीत होने लगी। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो विरोध किया। बृहस्पतिवार को युवती मौका पाकर घर से निकलकर प्रेमी के घर पहुंची। युवती ने प्रेमी के साथ शादी कराने की जिद पकड़ ली। उसकी बाते सुनकर युवक के परिजन सन्न रह गए।
मामला दो संप्रदायों के बीच देखते हुए युवक के परिवार और गांव के लोगों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार ही नहीं हुई। युवती और युवक को क्षेत्र के दो भाजपा नेता अपनी गाड़ी में बैठाकर मिलकखानम थाने पहुंचे। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने भी युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन युवती नहीं मानी। इसके बाद उसे एसडीएम स्वार के यहां पेश किया गया। एसडीएम ने युवती के वयस्क होने संबंधी प्रमाणपत्र लाने के लिए कहा। पुलिस प्रेमी युगल को लेकर वहां से जाने लगी। इस दौरान तहसील परिसर में दोनों पक्ष के काफी लोग जमा थे। युवती का भाई अपनी बहन को समझाने के लिए उससे मिलना चाहता था, लेकिन पुलिस ने उसे नहीं मिलने दिया। इसके चलते हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने युवती को महिला संरक्षण केंद्र भेज दिया और युवक को उसके परिजनों के साथ भेज दिया।
प्रेम-प्रसंग के चलते दो अलग संप्रदायों के युवक और युवती थाने पहुंचे थे। दोनों को एसडीएम स्वार के न्यायालय में पेश किया गया था। जहां युवती के वयस्क होने संबंधी प्रमाणपत्र मांगे गए हैं। अभिलेख उपलब्ध होने तक युवती को महिला संरक्षण केंद्र भेजा गया है। -कुलदीप सिंह, निरीक्षक, थाना मिलकखानम