Pilibhit News: 700 हेक्टेयर जमीन से हटवाया कब्जा

जमीन पर कब्जा कर की गई फसल को नष्ट करते कर्मचारी। फोटो- संवाद
नगर पालिका प्रशासन ने की कार्रवाई, ढेंचा की फसल भी नष्ट कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। पालिका अधिकारियों ने बुधवार को गजरौला रोड पर रेंज आफिस के पास पालिका की 700 हेक्टेयर जमीन से कब्जा हटवा दिया। अधिकारियों ने जमीन पर खड़ी ढेंचा की फसल भी जेसीबी से नष्ट करवा दी।
नगरपालिका के संपत्ति प्रभारी जकील खां ने बताया कि गजरौला रोड पर रेंज आफिस के पास पालिका की 700 हेक्टेयर जमीन पर नगर के ही कुछ दबंगों ने काफी समय से कब्जा कर रखा था। दबंग उस जमीन पर खेती करते थे। इस समय दबंगों ने उस जमीन पर ढेंचा की फसल बो रखी थी।
पालिका प्रशासन ने जब दबंगों से अवैध कब्जा नहीं हटवा पाया, तब उपजिलाधिकारी न्यायालय में इस बावत मुकदमा दायर किया। पिछले दिनों उपजिलाधिकारी ने मामले की अंतिम सुनवाई करने के बाद पालिका प्रशासन के पक्ष में आदेश जारी कर दिया। उपजिलाधिकारी का आदेश मिलते ही पालिका के अधिकारियों ने बुधवार को जमीन पर खड़ी ढेंचा की फसल जेसीबी से नष्ट करवा दी। उसके बाद जमीन को कब्जे में ले लिया।
कब्जा हटवाते समय संपत्ति प्रभारी के अलावा नगरपालिका के कर अधीक्षक अंकित वर्मा भी थे। संपत्ति प्रभारी ने बताया कि जमीन खाली कराने के बाद उसके चारों ओर तार लगवा दिए गए हैं।