Pilibhit News: जहानाबाद में किसान ने लगाई पराली में आग

जहानाबाद में खेत पर जलाई गई पराली । संवाद
जहानाबाद। शासन-प्रशासन की लाख सख्ती के बाद भी खेतों में पराली जलाने का सिलसिला रुक नहीं पा रहा। जहानाबाद में एक किसान ने अपने खेत में पड़ी पराली में आग लगा दी। हवा तेज चलने से पास के खेत में खड़ी गन्ने की दस बीघा फसल भी जल गई।
रविवार की दोपहर 12 बजे जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम उगनपुर बिलई पसियापुर में जहानाबाद कस्बा निवासी साबिर उर्फ पटुआ और उसके पुत्र काशिव के द्वारा पराली में आग लगा दी गई। हवा तेज होने की वजह से आग बढ़ती रही। आग से जहानाबाद के मोहल्ला कच्ची हवेली निवासी आबिद अली उर्फ मुन्ने का सात बीघा और मोहल्ला पसियापुर निवासी शब्बीर अहमद का तीन बीघा गन्ना जल गया। बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया गया। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।
आग लगने की डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व हल्का लेखपाल जितेंद्र कुमार ने मौका मुआयना किया। लेखपाल द्वारा बताया गया की पराली जलाने वाले किसान के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।