Pilibhit News: अष्टमी पर घरों में जिमाई गईं कन्याएं

नवरात्र अष्टमी पर यशवतंरी देवी मंदिर पर पूजा अर्चना करते श्रद्धालु । संवाद
पीलीभीत। रविवार को अष्टमी पर घरों में माता के रूप में कन्याएं जिमाई गईं। कन्याओं को भोग लगाकर व्रत का परायण किया। इसके साथ ही मां महागौरी की पूजा अर्चना करने के लिए रविवार को यशवंतरी देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
अष्टमी वाले दिन लोगों ने घरों पर कन्याएं जिमाईं। कन्याओं को भोजन कराने के बाद उन्हें उपहार भी दिए गए। अष्टमी के लिए सुबह से ही महिलाएं तैयारी में जुटी थीं। कन्याओं को भोग लगाने के बाद श्रद्धालु माता के मंदिरों में गए। मंदिरों में आरती कर श्रद्धालुओं ने व्रत और संकल्प लेकर मां के दरबार में मन्नत मांगी।
मान्यता है कि शारदीय नवरात्रि मां दुर्गा को प्रसन्न करने का उत्तम अवसर कहा जाता है। भक्तों ने बीज मंत्र का जाप करते हुए मां महागौरी की आरती की। दुर्गा अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के द्वारा यशवंतरी देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों एवं घरों में कन्या पूजन भी किया गया। इसके साथ ही निरंजनकुंज कॉलोनी में महामातेश्वरी मंदिर, गौहनिया चौराहा स्थित संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर, सुनगढ़ी में शीतला देवी मंदिर, छतरी चौराहा स्थित संतोषी माता मंदिर, चौक बाजार स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, बल्लभनगर स्थित मां दुर्गा मंदिर, गोदावरी स्टेट स्थित मां दुर्गा मंदिर में हवन-पूजन एवं महिलाओं के द्वारा छंद गाए गए।
पीकॉक ग्रीन रंग के वस्त्र धारण कर करें मां सिद्धिदात्री की पूजा
नवरात्र के नवें दिन सोमवार को मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी। उनको पीकॉक ग्रीन वस्त्र पहनकर सफेद तिल एवं संतरा का भोग लगाना शुभ माना जाता है। नवरात्र की नवमी तिथि के दिन कन्या पूजन करना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 10 वर्ष तक की कन्याओं की पूजा करना अति पुण्यदायक माना जाता है। कन्याओं के साथ एक बालक की भैरों बाबा के रूप में भी पूजा की जाती है।
![]()
नवरात्र अष्टमी पर यशवतंरी देवी मंदिर पर पूजा अर्चना करते श्रद्धालु । संवाद
![]()
नवरात्र अष्टमी पर यशवतंरी देवी मंदिर पर पूजा अर्चना करते श्रद्धालु । संवाद