Pilibhit News: खेत में बाघ देख भागे किसान, मची भगदड़

भीमपुर नौगजा गांव में बाघ की मौजूदगी के बाद लगी भीड़ । स्रोत – ग्रामीण
कलीनगर। तहसील क्षेत्र के जंगल से बाहर बाघों की चहलकदमी जारी है। सोमवार को भीमपुर नौगजा गांव की सीमा में खेत में बाघ की चहलकदमी देख किसानों में भगदड़ मच गई। सूचना के बाद सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ क्षेत्र में ही मौजूद है।
तहसील क्षेत्र के अंतर्गत पांच माह पूर्व से बाघों की मौजूदगी किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सोमवार को बाघ भीमपुर नौगजा गांव की सीमा में पहुंच गया। हरदोई ब्रांच नहर के निकट बाघ की खेतों में चहलकदमी देखी गई। खेतों में गांव के किसान काम कर रहे थे। बाघ देख भगदड़ मच गई। शोर शराबे पर आसपास के अन्य लोग भी जमा हो गए।
इसपर बाघ वहां से आगे की ओर निकल गया। जानकारी के बाद सामाजिक वानिकी के क्षेत्रीय वनकर्मी मौके पर पहुंचे। पगचिह्न ट्रेस कर बाघ की निगरानी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ पहले भी क्षेत्र में देखा जाता रहा है। वन दरोगा रामाधार ने बताया कि टीम निगरानी में जुटी है।

भीमपुर नौगजा गांव में बाघ की मौजूदगी के बाद लगी भीड़ । स्रोत – ग्रामीण