Pilibhit News: सैनिक के घर से स्कूटी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी

बीसलपुर में चोरी की घटना के बाद खुली पड़ी अलमारी । स्रोत – पीड़ित
पीलीभीत/बीसलपुर। भाई की तबीयत खराब होने पर छुट्टी लेकर घर आए सैनिक के घर से दीपावली पर लाखों रुपये का सामान चोरी चला गया। बुधवार को जब परिजन घर पहुंचे तो मकान में दूसरे ताले लगे देख दंग रह गए। परिजनों ने मामले की जानकारी डायल 112 को दी। इसके बाद तालों को तोड़ा गया। तब चोरी की बात पता चली। सैनिक ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव वीरसिंहपुर के रहने वाले गिरवर दयाल अरुणांचल प्रदेश में सेना में तैनात हैं। उनका मकान बीसलपुर के मोहल्ला रामगनगर कॉलोनी में भी है। कुछ दिन पूर्व उनके भाई की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके चलते वह छुट्टी लेकर यहां आए हुए थे। धनतेरस वाले दिन उनके भाई की मौत हो गई। इसके चलते परिवार के सभी लोग गांव वीरसिंहपुर आए हुए थे।
बुधवार को वह अपने मकान पर पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचे। यहां देखा कि उनके मकान में दूसरे ताले लगे हैं। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मामले की सूचना तत्काल डायल 112 को दी। पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने घर के ताले तोड़े। अंदर जाकर देखा तो घर के अंदर से उनकी बेटी की स्कूटी, बेटे की साइकिल, तीन सिलिंडर, इन्वर्टर बैटरा, स्टेप्लाइजर, रसोईघर में रखा राशन का सामान घर से गायब था। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में भी हो चुकी है चोरी
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आसपास में कई लोग जुआ खेलते रहते हैं। आए दिन यहां पर लोगों के घरों के बाहर रखा सामान भी गायब हो जाता है। अभी कुछ दिन पूर्व ही एक ट्रैक्टर से बैटरा व एक खाली प्लॉट में लगा नल भी चोरी जा चुका है।

बीसलपुर में चोरी की घटना के बाद खुली पड़ी अलमारी । स्रोत – पीड़ित