Pilibhit News: मिड-डे मील के चावल में निकलीं सूंड़ीं, बच्चों ने नहीं खाया खाना
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 17 Sep 2023 12:04 AM IST
पूरनपुर। शनिवार को गांव रुरिया सलेमपुर के प्राथमिक स्कूल में मिड-डे मील में दिए गए चावल में सूंड़ी निकलने पर बच्चों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने खाना नहीं खाया। बाद में शिक्षकों ने चावल फिंकवा दिए। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
शनिवार को प्राथमिक स्कूलों में मध्याह्न भोजन में दाल-चावल का मीनू था। रुरिया सलेमपुर के प्राथमिक स्कूल में बच्चों को जब खाना परोसा गया तो बच्चों ने चावल में सूंड़ी होने की बात कहते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया गया। पहले तो स्कूल स्टाफ ने बच्चों को हड़का कर शांत कराने की कोशिश की। बच्चों के खाना खाने से मना करने पर चावल फेंक दिए गए। मामला लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
स्कूल के शिक्षक रामदेव ने चावल में सूंड़ी निकलने और बच्चों के खाना न खाने की बात से इन्कार किया है। कहा, गलत ढंग से एक युवक ने वीडियो बनाकर अफवाह फैलाई है। उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच कराई गई। इसमें आरोप झूठे पाए गए।