Pilibhit News: धर्म परिवर्तन की सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी संगठन, किया हंगामा
पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। गांव खमरिया में धर्म परिवर्तन की सूचना पर पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने दोबारा धर्म परिवर्तन की कोशिश होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
गांव खमरिया के एक घर में एकत्र होकर कुछ लोग पूजा अर्चना कर रहे थे। धर्म परिवर्तन होने की सूचना पर पहुंचे हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों से घर से बाहर निकलने को कहा। तब घर से निकले कुछ लोग खेतों की ओर जाने लगे।
ऐसे में हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए कोतवाली लाई। हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं का आरोप था कि दोनों के मोबाइल से साक्ष्य मिटा दिए गए। घर में धर्म परिवर्तन की कोशिश चल रही थी। कोतवाली लाए गए दोनों लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि जिन लोगों पर आरोप लगाया जा रहा था वे ईसाई मिशनरी के नहीं, निरंकारी थे। हिंदूवादी संगठनों में शिवम भदौरिया, शिवा पांडेय, विजय सिंह, विधि ओम सिंह, संजीव अग्रवाल, कुलदीप मिश्रा, अभिषेक शुक्ला आदि थे।