Pilibhit News: जपता फिरूं मैं नाम तुम्हारा, हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा

शहर में निकाली गई निशान यात्रा । संवाद
पीलीभीत। खाटू वाले श्याम तेरा ही सहारा, तेरे सिवा दुनिया में कोई न हमारा। कुछ इसी तरह के खाटू श्याम के भजनों पर बृहस्पतिवार को भक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं ने नाचते गाते खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर निशान यात्रा निकाली।
जिले में बृहस्पतिवार को श्याम मित्र मंडल के तत्वाधान में स्टेशन रोड स्थित द्वारिकाधीश मंदिर से खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा सुबह 10 बजे से शुरू हुई। यात्रा स्रेशन रोड, सुनगढ़ी थाना, विशाल टॉकीज, गैस चौराहा, चावला चौराहा, छिपियान मस्जिद चौराहा, मुख्य बाजार, ड्रमंडगंज चौराहा, जेपी रोड होते हुए चौक बाजार स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची।
भक्तों ने खाटू श्याम बाबा के जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालु खाटू श्याम के भजनों पर नाचते गाते हुए चल रहे थे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु खाटू श्याम के भजनों पर झूमते रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। शाम को मंदिर में भजन गायकों ने खाटू श्याम का जन्मोत्सव मनाया। इसके पश्चात प्रसाद वितरण हुआ।
बीसलपुर में भी निकाली गई निशान यात्रा
बीसलपुर। बंगाली बाबा मंदिर से शुरू हुई यात्रा में सबसे आगे चल रहे मैटाडोर पर खाटू श्याम की प्रतिमा आकर्षक ढंग से सजाई गई थी। उसके पीछे खाटू श्याम समर्थक झंडे लेकर चल रहे थे। बैंडबाजों के साथ निकाली गई यात्रा में शामिल समर्थक भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व खाटू श्याम कमेटी के स्थानीय अध्यक्ष सागर गुप्ता ने किया। प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद यात्रा शाम को पुन: बंगाली बाबा मंदिर में आकर समाप्त हो गई। संवाद

शहर में निकाली गई निशान यात्रा । संवाद

शहर में निकाली गई निशान यात्रा । संवाद