Pilibhit News: शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म, गर्भपात कराया
पूरनपुर। शादी का झांसा देकर युवक तीन साल तक युवती से दुष्कर्म करता रहा। युवती के तीन माह की गर्भवती होने पर उसका गर्भपात करा दिया। बाद में शादी की बात करने पर आरोपी युवक ने अपने बहनोई के साथ मिलकर दहेज मेंं कार की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने बताया कि शेरपुरकलां निवासी उसकी बिरादरी के एक युवक का उसके घर आना जाना था। तीन साल पहले युवक ने उससे शादी करने का वादा किया, इसके बाद बाद युवक से मिलने जुलने को लेकर परिजन ने भी विरोध नहीं किया। दोनों घर के बाहर भी साथ-साथ घूमते रहे। इस दौरान युवक ने कई बार उससे दुष्कर्म किया। तीन महीने की गर्भवती होने पर उसने गर्भपात करा दिया।
बाद मेंं दोनों की मोबाइल पर बात होती रही। युवती का आरोप है कि पिता ने जब शादी की बात कही तो युवक ने अपने बहनोई से राय कर दहेज में कार की मांग रख दी। कार देने से इन्कार करने पर शादी से इन्कार कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी का बहनोई अब उसकी दूसरी जगह शादी की तैयारी कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।