Pilibhit News: कार्यालय में तैनात सफाई कर्मी से नहीं कराया काम तो होगा कार्य बहिष्कार
बिलसंडा। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने रविवार को अवकाश वाले दिन सफाई कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यालय में लगाए गए कर्मियों से भी काम कराने की मांग की। कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
सफाई कर्मियों का कहना है कि अब तक रविवार को सफाई कर्मियों से काम नहीं कराया जाता था लेकिन अब कराया जा रहा है। जिससे समस्या उत्पन्न होती है। उनका आरोप है कि नगर पंचायत में सफाई कर्मी पद पर अन्य लोग भी कार्यरत हैं लेकिन उनसे सफाई का कार्य नहीं कराया जा रहा है। इससे सफाई कर्मियों में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि दस दिनों के अंदर अगर नगर पंचायत में तैनात अन्य कर्मचारियों से सफाई कार्य नहीं कराया गया तो सभी कर्मी सफाई कार्य बहिष्कार करेंगे। इस पर चेयरमैन डीके गुप्ता ने सभी सफाई कर्मियों को शांत किया और कहा कि जो जिस पद पर है उससे वही काम कराया जाएगा।
बड़े बाबू के बेटे को किया कार्यमुक्त
नगर पंचायत में बड़े बाबू राजेश सक्सेना का बेटा ठेका कर्मचारी था। जिसे कार्य मुक्त कर दिया गया। चेयरमैन डीके गुप्ता ने बताया कि शपथ लेने के बाद नगर पंचायत में वेतन भोगियों की सूची मांगी थी। जिसमें नगर पंचायत के बड़े बाबू राजेश सक्सेना के बेटे प्रशांत को ठेका कर्मचारी पद पर तैनात दिखाया गया था। जिसकी कोई जरूरत नहीं थी। इसके बावजूद तीन साल से वेतन पा रहा था। उसे कार्यमुक्त कर दिया गया।