Pilibhit News: नौजल्हा में कटान ने पकड़ी तेजी, लगाए जा रहे बंबूक्रेट
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 16 Jul 2023 11:36 PM IST

शारदा नदी का कटान रोकने को नौजल्हा क्षेत्र में लगाए जा रहे बैंबो कटर।
कलीनगर। नौजल्हा गांव में शारदा नदी के कटान को देखते हुए बाढ़ खंड की ओर से बंबूक्रेट लगाने का कार्य शुरू कराया गया है। जल स्तर बढ़ने के बाद दो दिन पूर्व नदी ने तेजी से कटान शुरू किया था।
कलीनगर तहसील क्षेत्र में शारदा नदी के कटान का प्रकोप अधिक रहता है। हर साल नदी बाढ़ नियंत्रण योजनाओं के अलावा कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाती है। इस बार अबतक जलस्तर सामान्य है। पहाड़ों पर अधिक बारिश होने के चलते दो दिन पूर्व जल स्तर में कुछ वृद्धि हुई थी।
इससे कलीनगर तहसील क्षेत्र के नोमैंस लैंड से सटे इलाके में स्थित नौजल्हा गांव की सीमा में नदी ने कटान शुरू किया था। इससे ग्रामीणों की दहशत बढ़ गई थी। स्थिति को देखते हुए बाढ़ खंड के अफसरों ने बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद कटान रोकने को बंबूक्रेट यानी बांस के जाल में रेत भरे कट्टे फंसाकर डालने का कार्य शुरू किया गया है। सहायक अभियंता ध्रुव नारायण शुक्ला ने बताया कि नौजल्हा क्षेत्र में बंबूक्रेट लगवाए जा रहे हैं। इससे कटान रोकने में मदद मिलेगी।