Pilibhit News: जिला अस्पताल में घंटों गुल रही बिजली, गर्मी में बेहाल हुए मरीज
पीलीभीत। जिला अस्पताल में मरीज और तीमारदारों को विद्युत संकट का सामना करना पड़ा। रात में घंटों बाधित हुई विद्युत आपूर्ति ने हालत खराब कर दी। अस्पताल में दो घंटे बाद जेनरेटर चलाकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई तो सुबह विद्युत कर्मचारियों ने आपूर्ति बहाल कराई, जो शाम को ट्रांसफार्मर में फिर से खराबी आने के कारण ठप हो गई।
मंगलवार रात आंधी और बारिश में स्वशासी मेडिकल कॉलेज की विद्युत व्यवस्था बेपटरी हो गई। रात दस बजे अचानक गुल हुई बिजली सुबह दस बजे आ सकी। रात करीब 12 बजे अस्पताल में मौजूद चारों जेनरेटर चालू कराए गए। जिससे मरीजों और तीमारदारों को कुछ हद तक राहत मिली लेकिन वोल्टेज कम होने के कारण पंखे और कूलर नहीं चल सके। इससे मरीजों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
बुधवार सुबह करीब दस बजे तारों को ठीक कराया गया, इसके बाद आपूर्ति शुरु हुई। शाम चार बजे ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण दोबारा से व्यवस्था डगमगा गई। फिलहाल देर रात तक ट्रांसफार्मर को ठीक कराने का काम किया जाता रहा।
– विद्युत आपूर्ति बाधित होने से मरीज और तीमारदारों को परेशानी हुई है, चारों जेनरेटर चलवाए गए लेकिन वोल्टेज पर्याप्त न होने से समस्या का समाधान नहीं हो सका। ऑपरेशन व मरीजों के इलाज में कोई परेशानी नहीं हुई। जल्द समस्या दूर होगी। – डॉ. संजीव सक्सेना, प्राचार्य स्वशासी मेडिकल कॉलेज
सुबह आपूर्ति शुरु कराई गई थी, शाम को ट्रांसफार्मर में खराबी आने की वजह से दिक्कत हुई है, इसको ठीक किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द समस्या दूर हो जाएगी। – ज्ञानेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत