Pilibhit News: तराई में बेकाबू होने लगा आईफ्लू, 24 घंटे में दोगुने हुए मरीज

जिला चिकित्सालय में आंखो की जांच करती चिकित्सक व लगी मरीजो की भीड । संवाद
पीलीभीत। तराई में आईफ्लू का कहर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को जहां नेत्र विभाग में आईफ्लू के दो सौ मरीज आए थे, लेकिन बृहस्पतिवार को इनकी संख्या बढ़कर चार सौ के पार निकल गई। कक्ष में बैठने तक की जगह नहीं बची। डॉक्टर के कक्ष के बाहर मरीजों की खासी भीड़ रही। डॉक्टरों का कहना है कि महज सावधानी ही इसका उपाय है। इसके अलावा डॉक्टर से आई ड्रॉप व दवा लिखवाकर उसका सेवन करें।
जिले में अब आईफ्लू बेकाबू होता जा रहा है। संक्रमण का जोर इस कदर बढ़ गया है कि 24 घंटे में ही जिला अस्पताल पहुंचने वाले रोगियों की संख्या दोगुनी हो गई। आठ दिनों में जिला अस्पताल में आईफ्लू के मरीजों की संख्या में दिनों दिन बढ़ोत्तरी हो रही है। शुरुआती दौर में लोगों ने इसे हल्के में लिया था लेकिन अब यह बीमारी हर दूसरे घर में पहुंच चुकी है।
हाल यह हो गया है कि जिला अस्पताल में हर तीसरा रोगी आई फ्लू का है। बृहस्पतिवार को नेत्र विभाग में मरीजों की इतनी भीड़ थी कि पूरा कमरा भरा था। बाहर भी लोग लाइन लगाए खड़े थे। बुधवार की तुलना में बृहस्पतिवार को मरीजों की दोगुनी थी। घर में किसी एक सदस्य को होने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों को भी संक्रमण हो रहा है। नेत्र चिकित्सक डाॅ. सुरभि सिंह ने बताया बृहस्पतिवार को चार सौ से अधिक मरीजों को देखा। एक दिन पहले दो सौ मरीज आए थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने भी जारी किए दिशा निर्देश
तेजी से बढ़ रहे आईफ्लू को लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश जारी किए हैं। कहा गया है कि केंद्र पर यदि किसी बच्चे की आंख में परेशानी दिखाई दे तो उसे तत्काल घर भेजा जाए। परिवार के लोगों को बच्चे को नजदीक के पीएचसी या फिर सीएचसी ले जाने की सलाह दी । ताकि समय रहते उसका उपचार हो सके और अन्य बच्चे भी सुरक्षित हो सके।
00
बेसिक शिक्षा विभाग ने नहीं जारी किए बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्देश
जिले में बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को लेकर अभी तक कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। बेसिक शिक्षाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अभी शासन की ओर से ही उन्हें कोई निर्देश नहीं मिला है।

जिला चिकित्सालय में आंखो की जांच करती चिकित्सक व लगी मरीजो की भीड । संवाद