Pilibhit News: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 60 लाख से बन रही प्रयोगशाला

शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बना लैंब का भवन । संवाद
पीलीभीत। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जर्जर हो चुकी प्रयोगशाला जल्द ही नए रूप में नजर आएगी। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत प्रयोगशाला का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके लिए सरकार की तरफ से 60 लाख रुपये दिए गए हैं। 30 लाख की पहली किस्त आने पर निर्धारित काम पूरा कर लिया गया है। दूसरी 30 लाख की किस्त आने पर बाकी काम कराए जाएंगे।
वर्ष 1938 में बने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में करीब दो हजार छात्राएं पढ़ती हैं। इनमें साइंस की करीब 200 छात्राएं 11वीं व 12वीं की पढ़ाई कर रही हैं। विज्ञान में प्रैक्टिकल के लिए यहां प्रयोगशाला बनी है। इसमें उपकरण भी हैं और पढ़ाने लिए प्रवक्ता भी। लैब असिस्टेंट नहीं है। प्रयोगशाला का भवन इतना जर्जर हो चुका है कि वहां प्रयोग करना तो दूर खड़े होना भी मुश्किल है। इससे पांच महीने से प्रयोगशाला बंद है।
अब जल्द ही यह परेशानी दूरी हो जाएगी। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत 60 लाख रुपये से कॉलेज में प्रयोगशाला का कायाकल्प कराया जा रहा है। करीब 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। 30 लाख रुपये की दूसरी किस्त मिलने पर बाकी काम कराया जाएगा।
छह कमरों में चल रही थी तीन विषयाें की प्रयोगशाला
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 12 कमरों का विज्ञान भवन अलग बना है। वर्ष 1984 में यह बना था। कॉलेज में तीन विषय जीव विज्ञान, भौतिक और रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाएं छह कमरों में संचालित हो रही हैं, जबकि छह कमरों में कक्षाएं लगती हैं। मरम्मत व बजट के अभाव में भवन जर्जर होता चला गया। पांच महीने से प्रयोगशाला बंद है। हालांकि शिक्षकों का दावा है कि दूसरी जगह प्रैक्टिकल कराए जा रहे हैं।
वर्जन
60 लाख की लागत से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में प्रयोगशाला के लिए भवन तैयार किया जा रहा है। आधे से ज्यादा काम हो चुका है। दूसरी किस्त आते ही बाकी काम पूरा कर लिया जाएगा। – जमुना प्रसाद, जेई प्रांतीय लोक निर्माण विभाग