पीलीभीत

Pilibhit News: ससुराल वालों को खाने में नशा देकर फरार हुई विवाहिता गिरफ्तार

Connect News 24

साजिश रचने वाला प्रेमी भी दबोचा, दोनों को जेल भेजा

संवाद न्यूज एजेंसी

पूरनपुर। पति और ससुराल वालों को सब्जी में नशा देकर जेवर, नकदी और बच्ची को लेकर फरार हुई विवाहिता को माधोटांडा पुलिस ने उसके प्रेमी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव गुलाबटांडा निवासी हरिराम के पुत्र सुशील की शादी तीन साल पहले सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र की आरती से हुई थी। छह अप्रैल को आरती ने खाना बनाया। सास सत्यवती, ददिया सास चंपा देवी, पति सुशील उर्फ गुड्डू, ननद साक्षी और देवर विशाल ने खाना खाया, भूख न लगने के कारण हरिराम ने खाना नहीं खाया।

अगली सुबह जब हरिराम की आंख खुली तो परिवार के सभी सदस्य उसे बेसुध मिले, जबकि बहू आरती नदारद थी। हरिराम ने पड़ोसियों की मदद से परिजन को पहले माधोटांडा सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार आया।

हरिराम ने जब बहू के मायके में संपर्क किया, तब उसके मायके में पहुंचने की जानकारी हुई। तबीयत ठीक होने के बाद सुशील कुमार ने माधोटांडा थाना पहुंचकर पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को बताया कि पत्नी घर में रखे 15 हजार रुपये, जेवर और दो साल की बच्ची को साथ ले गई है। माधोटांडा पुलिस ने आरती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।

माधोटांडा एसओ वीरेश कुमार ने बताया कि कस्बे की सीएचसी के समीप से आरती और उसे ले जाने वाले बासोपुर गांव के अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। अजय झोलाछाप है। आरती अजय के यहां दिखाने जाती थी तभी से दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। उसने ही आरती को नशीला पाउडर दिया था। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button