Pilibhit News: पूरनपुर इंस्पेक्टर आशुतोष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
– कचहरी से लौट रहे ग्रामीण को पीटने के बाद बंद कर दिया था हवालात में
– अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कचहरी से लौट रहे ग्रामीण को रास्ते से पकड़कर मारपीट कर हवालात में बंद करने के मामले में इंस्पेक्टर पूरनपुर आशुतोष रघुवंशी के खिलाफ गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। तब आशुतोष रघुवंशी गजरौला थाने में ही तैनात थे।
क्षेत्र के गांव भूडा सरैंदा निवासी भूपराम जाटव पुत्र काशीराम जाटव ने अदालत में शिकायत की थी कि 8 नवंबर 2022 को वह कचहरी से लौट रहे थे। गजरौला इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी द्वारा बिना कारण बताए रास्ते से पकड़कर उन्हें हवालात में बंद कर दिया गया और पीटने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि जाति सूचक शब्द भी कहे।
अदालत ने इस मामले में गजरौला इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद गजरौला पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से हवालात में बंद करने, हमलावर होने, जान से मारने की धमकी देने और जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करने की धाराओं में इंस्पेक्टर आशुुतोष रघुवंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामले की विवेचना सीओ सिटी को सौंपी गई है। मौजूदा समय में इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी पूरनपुर कोतवाली के प्रभारी हैं।