Pilibhit News: पीलीभीत की जनता को चप्पल उठाने वाला समझते हैं, जनता देगी जवाब
– राज्यमंत्री संजय गंगवार ने जनसभा में एक जनप्रतिनिधि पर कसे तंज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने एक जनसभा में जिले के एक जनप्रतिनिधि पर तंज कसते हुए कहा कि वह यहां की सीधी-सादी जनता को छलकर वोट ले जाते हैं। पीलीभीत के लोगों को यह नेता समझते हैं कि वे उनकी चप्पल उठाते हैं, चुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी। राज्यमंत्री का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीसलपुर में एक जनसभा के दौरान राज्यमंत्री संजय गंगवार ने कहा कि 2022 में जनता ने ऐसी चप्पल मारी है कि भूले नहीं हैं। कहा कि जो लोग चप्पल उठाते हैं वे मारना भी जानते हैं। वह लोगों को छलकर वोट ले जाते हैं। बीमार होने पर हेलिकॉप्टर से दिल्ली जाते हैं। योगी सरकार ने जो यहां मेडिकल कॉलेज बनवाया है वह यहां 25 साल पहले होना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि ये लोग जनता का दर्द नहीं जानते। यह नेता सफेद झूठ बोलते हैं कि मेरे पास तो एक घर है, मैं तो चार कमरों के घर में रहता हूं। सवाल किया कि यह लोग नामांकन कराने हेलिकॉप्टर से आते हैं, क्या कोई गरीब हेलिकॉप्टर से नामांकन कराने आता है।