Pilibhit News: अब अशासकीय विद्यालयों को भी मिलेगा 75 प्रतिशत अनुदान
– प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत सुधरेंगे विद्यालय
– पहले से बढ़ाई गई अनुदान की सीमा और शर्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को विकसित करने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना में बदलाव किया गया है। अनुदान की राशि भी बढ़ाई गई और शर्त को भी जोड़ा गया है। इसकी जानकारी जुटाने में विभागीय अफसर जुट गए हैं और सभी को निर्देश जारी किए हैं। यह विद्यालय आसानी से इस योजना में आवेदन करके अनुदान भी प्राप्त कर सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित प्रोजेक्ट अलंकार के तहत न सिर्फ सभी 29 शासकीय माध्यमिक विद्यालयों में जीर्णोद्धार, मरम्मत व छात्र-छात्राओं के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि अशासकीय सहायता प्राप्त 22 अन्य माध्यमिक विद्यालयों की दशा सुधरेगी। अब तक अशासकीय सहायता प्राप्त इन विद्यालयों को 50 प्रतिशत अनुदान राशि मुहैया कराने के निर्देश थे।
हाल ही में माध्यमिक शिक्षा के विशेष सचिव एसपी सिंह ने डीआईओएस गिरिजेश कुमार को पत्र जारी किया है। जिसमें बताया गया कि एडेड विद्यालयों को अब प्रोजेक्ट अलंकार के तहत व्यवस्थाओं को सुधारने में आने वाले खर्च पर 75 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा।
डीआईओएस ने बताया इसमें एक नई शर्त जोड़ी गई कि एडेड विद्यालयों के खातों में 25 प्रतिशत धनराशि होनी चाहिए। इसके अलावा अब इस बाध्यता को भी हटाया गया है कि विद्यालयों के पास उनकी स्वयं से आय की राशि खाते में है, यह विद्यालय अनुदान लेकर भी खाते में इस राशि को दर्शा सकते हैं।