पीलीभीत

Pilibhit News: चंदोई में गलत रूट से निकल रहा ताजिया पुलिस ने रोका

Connect News 24

पीलीभीत। निर्धारित मार्ग होने के बावजूद ताजियादारों ने गलत रूट से ताजिये निकालने की कोशिश की। पुलिस ने बैरियर लगाकर ताजियों का जुलूस रोक दिया। इससे गुस्साए ताजियदारों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे अधिकारियों ने किसी कीमत पर दूसरे रास्ते से जूलुस न निकलने देने की बात कही तो करीब एक घंटे के बाद निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकाला गया।

शनिवार दोपहर 12:30 बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदोई से ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था। लोग जुलूस को चंदोई से खकरा पुलिस चौकी, मोहल्ला भूरे खां और बाले मियां की मजार से होते हुए बेलों वाले चौराहे पर ले जाना चाह रहे थे, जबकि पूर्व में हुई शांति समिति की बैठक में यह तय कर दिया गया था कि जुलूस का मार्ग बाले मियां की मजार से होकर नहीं है।

जुलूस भूरे खां स्थित मदरसे के बराबर वाली गली में मुड़कर बेलों वाले चौराहे पर निकलेगा। जैसे ही जुलूस भूरे खां में पहुंचा, ताजियेदार बाले मियां मजार की ओर से ताजिया ले जाने पर अड़ गए। पुलिस को पहले से ही इसका अंदेशा था, लिहाजा मदरसे के आगे बैरियर लगा दिए थे। इस पर ताजियेदार भड़क गए और ताजियों को सड़क पर रखकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे नहीं माने।

सूचना अधिकारियों तक पहुंची तो खलबली मच गई। सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ताजियेदारों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मानने के लिए तैयार नहीं हुए। हंगामा बढ़ता देख और पुलिस फोर्स के साथ ही पीएसी बुला ली गई।

अधिकारियों ने कहा कि दूसरे रूट से ताजिये नहीं निकलने दिए जाएंगे। निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकाला जाएगा। नए मार्ग से जुलूस निकालने की इजाजत किसी कीमत पर नहीं दी जाएगी। लगभग एक घंटे तक हंगामा करने के बाद ताजियेदार निर्धारित मार्ग से ही ताजिया निकाल कर ले गए।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button