Pilibhit News: बीसलपुर में किशोरी और महिला से दुष्कर्म
– एक मामले में पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, दूसरी में जताई अनभिज्ञता
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के दो गांवों में बीते 12 घंटों में दुराचार के दो मामले प्रकाश में आए हैं। पुलिस ने एक घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।दूसरी घटना के बारे में अनभिज्ञता जताई है।
शाहजहांपुर रोड स्थित एक गांव की विवाहिता ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री शनिवार की शाम गांव में ही एक परचूनी की दुकान पर सामान लेने जा रही थी। रास्ते में एक युवक ने उसे घर में खींच लिया और उससे दुष्कर्म किया। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश की।
तलाश के दौरान किशोरी गांव के ही एक युवक के घर में मिली। पुत्री ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। महिला ने नामजद तहरीर दी। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
इधर, कोतवाली के ही एक गांव की विवाहिता ने बताया कि उसके पति की मृत्यु काफी समय पहले हो चुकी है। रविवार को सुबह चार बजे वह दरवाजा खोलकर झाड़ू लगा रही थी। उसी समय उसका देवर घर में घुस आया और तमंचे के बल दुष्कर्म किया। विवाहिता ने दूसरे घर में रह रहे ससुर और सास को मामले की शिकायत दी तो उन्होंने चुप रहने का सुझाव दिया।
विवाहिता ने जब पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही तो उसकी सास और ससुर ने उससे गाली-गलौज किया, जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद विवाहिता ने कोतवाली आकर तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाल अशोक पाल ने कहा कि ऐसी कोई तहरीर उन्हें नहीं मिली है।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र में एक युवती से उसी के गांव के एक युवक ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर युवती का जबरन गर्भपात भी करा दिया। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। उससे दुष्कर्म भी किया। जब उसने विरोध किया तो तो उसने निकाह का आश्वासन दिया। वह गर्भवती हो गई। इसी दौरान घर पर आया और शादीशुदा होने की जानकारी देकर निकाह करने से इनकार कर दिया। बाद में उसका गर्भपात करा दिया। महिला ने घर वालों को मामले की जानकारी दी।
युवती का कहना है कि एक दिसंबर को उसका भाई युवक के घर शिकायत करने गया तो कई लोगो ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। युवती ने मामले की शिकायत जहानाबाद पुलिस से की। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद