Pilibhit News: कढैया में प्रधान पद के लिए पुनर्मतगणना आज
पूरनपुर। ग्राम पंचायत कढैया में प्रधान पद के हुए चुनाव की पुनर्मतगणना 10 जून को तहसील सभागार में होगी। मतगणना के समय पर्याप्त पुलिस मौजूद रहेगी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, लेकिन परिणाम मौके पर घोषित नहीं किया जाएगा। पहले पुनर्मतगणना 14 मार्च को होनी थी, लेकिन मौजूदा प्रधान रामचंद्र ने जिला न्यायालय कोर्ट की शरण लेकर स्थगनादेश ले लिया था। स्थगन आदेश निरस्त होने के बाद अब एसडीएम कोर्ट के एक मार्च के आदेश के क्रम में मतगणना होगी।
ग्राम पंचायत का चुनाव 26 अप्रैल 2021 को जबकि मतगणना दो मई 2021 को मंडी समिति में हुई थी। ग्राम पंचायत कढैया के बूथ नंबर 384 पर 401 और बूथ नंबर 383 पर 405 समेत कुल 806 मतदाताओं ने मतदान किया था। पूर्व प्रधान लौंगश्री को 395 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रामचंद्र को 402 मत मिले थे। नौ मत निरस्त निकले थे। सात मतों से लौंगश्री चुनाव हार गईं थी।
लौंगश्री ने एसडीएम कोर्ट में याचिका दायर की थी। एसडीएम ने वाद की सुनवाई के बाद 14 मार्च को ग्राम पंचायत कढैया की पुनर्मतगणना के आदेश दिए थे। आदेश के विरुद्ध प्रधान रामचंद्र ने जिला जज कोर्ट की शरण ली। जिला न्यायालय ने पुनर्मतगणना के आदेश को स्टे कर दिया था। एसडीएम राजेश शुक्ला ने बताया कि मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने एसडीएम कोर्ट के आदेश पर पुनर्मतगणना कराने के आदेश दिए। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कढैया के प्रधान पद की मतगणना 10 जून को ब्लाॅक सभागार में होगी। उन्होंने बताया कि पुनर्मतगणना का परिणाम घोषित करने पर कोर्ट ने रोक लगाई है। सूचना डीएम को भेजी जाएगी।